बढ़ता राजनीतिक कद बन गया हिमानी का काल? पिता ने कर ली थी खुदकुशी; भाई की भी हत्या

Views


 हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या के बाद राज्य की राजनीति में भी भूचाल आ गया है। शनिवार को हिमानी की लाश रोहतक के सांपला बस स्टैंड पर एक सूटकेस में मिली थी। 22 साल की युवा कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का रविवार पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। 5 महीने से हिमानी रोहतक में विजयनगर स्थित अपने पुश्तैनी मकान में अकेली रह रही थीं।

हिमानी ने सफेद सूट पहना था और गले पर काली चुन्नी लिपटी हुई थी, हाथों में मेहंदी थी। पुलिस के मुताबिक हिमानी तीन दिन से लापता थी और किसी शादी में गई थी। हिमानी के पिता शेर सिंह ने 10 साल पहले खुदकुशी कर ली थी।12 साल पहले उसके बड़े भाई की भी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद मां हिमानी और उसके छोटे भाई जतिन को लेकर दिल्ली चली गई। हिमानी की मां सविता बीएसएफ छावला कैंप में नौकरी करती हैं। उन्हें अपने पति की जगह नौकरी मिली थी। पति बीएसएफ में ही नौकरी करते थे। उन्होंने कुछ साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

मोबाइल फोन ढूंढ रही पुलिस

हिमानी का मोबाइल फोन भी गायब है। पुलिस उसके मोबाइल फोन को ढूंढ रही है। मोबाइल से हिमानी की मौत से पर्दा उठ सकता है। वह आखिरी बार कहां गई थी, उसकी लोकेशन, उसने किस-किस से बात की, कॉल डिटेल्स से इसका खुलासा हो सकता है। पुलिस नेशनल हाईवे नंबर-9 पर रोहतक से रोहद टोल प्लाजा तक 25 किलोमीटर के एरिया में हत्यारों की तलाश में होटल व ढाबों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले रही है।

छात्र राजनीति से की थी शुरुआत, कांग्रेस ने की एसआईटी जांच की मांग

हिमानी नरवाल कांग्रेस की सक्रिय नेता थी और राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। भारत जोड़ो यात्रा में भी हिस्सा लिया था और राहुल गांधी के साथ उसकी तस्वीरें मीडिया में चर्चा का विषय बनी थी। राहुल गांधी के साथ वह हरियाणवी पहनावे में साथ दिखी थी। तो क्या उसका तेजी से बढ़ता राजनीतिक कद क्या उनकी हत्या की वजह बना? हिमानी की हत्या के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है। पार्टी के कई नेताओं ने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया है और इस जल्द दोषियों को पकड़ने की मांग की है।

कांग्रेस ने इस मामले को उच्च स्तर की जांच एजेंसी को सौंपने की मांग भी उठाई है। वहीं, उसके भाई की रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी। पुलिस इन मामलों को जोड़कर भी जांच कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या पर रणदीप सूरजेवाला ने कहा कि भाजपा शासन के गुंडाराज में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल है। हरियाणा की बेटी हिमानी नरवाल की गला घोंटकर नृशंस हत्या कर दी गयी, और लाश को सूटकेस में बंद करके फेंक दिया। हिमानी नरवाल भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी जी के साथ कदम से कदम मिलाकर चली थी। नायब सैनी सरकार से गुहार है कि उनके परिवार को जल्द न्याय सुनिश्चित करें।

एमबीए और लॉ की पढ़ाई की, सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव

हिमानी नरवाल ने रोहतक के वैश्य कॉलेज से एमबीए और लॉ की पढ़ाई की थी। वह सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती थीं और डिजिटल क्रिएटर के तौर पर काम करती थीं। वारदात से तीन दिन पहले शादी में डांस करने की एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड की थी। 14 फरवरी को अपने जन्मदिन की फोटो भी शेयर की थी।