भाजपा को जल्द मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, तारीख लगभग तय; रेस में इन नेताओं के नाम

Views


 भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद करेगी। सूत्रों ने कहा है कि पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव 10 फरवरी से 20 फरवरी के बीच होने की संभावना है। वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली चुनावों तक BJP की अगुवाई करते रहेंगे। उनका अध्यक्ष पद का कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया था।

BJP के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्य अभी चुने जा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों की इकाइयों में से कम से कम 50% को अपना संगठनात्मक चुनाव पूरा करना होगा। अब तक केवल चार राज्यों ने अपने राज्य अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की है। BJP नेताओं के अनुसार, संगठनात्मक चुनाव अपने निर्धारित समय पर हो रहे हैं और समय पर पूरा हो जाएंगे।