अलीगढ़ के डिफेंस कॉरिडोर में पिस्टल व रिवाल्वर का निर्माण शुरू, इस तकनीक से बनने लगे हथियार

Views

अलीगढ़ के डिफेंस कॉरिडोर में पिस्टल व रिवाल्वर का निर्माण शुरू हो गया है। वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड ने उत्पादन शुरू किया। अमेरिकी कंपनी स्मिथ एंड वेसन की तकनीक से हथियार बनने लगे हैं।

यूपी डिफेंस इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर अलीगढ़ नोड में हथियार बनाने की फैक्ट्री शुरू हो गई है। वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड ने पिस्टल व रिवाल्वर का उत्पादन कर बिक्री के लिए बाजार में उतार दिया है। अमेरिकी कंपनी स्मिथ एंड वेसन की तकनीक से अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर में पिस्टल व रिवाल्वर तैयार होकर बिकने लगे हैं। आर्मी, पैरामिलट्री व पुलिस को हथियार दिए जाने का ट्रायल चल रहा है। 

अलीगढ़ की खैर तहसील के अंडला में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर में वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड ने 88 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। दो साल से कंपनी फैक्ट्री का निर्माण कर रही थी। 2023 में फैक्ट्री का निर्माण पूरा हो गया था। 2024 में गृह मंत्रालय से हथियार बनाने की एनओसी मिलने के बाद अप्रैल में पिस्टल व रिवाल्वर का उत्पादन शुरू कर दिया। 

अमेरिकी कंपनी स्मिथ एंड वेसन के तकनीकी सहयोग से वेरीविन डिफेंस कंपनी 32 बोर, 357 बोर की रिवाल्वर बना रही है। इसके अलावा 32 बोर व 9 एमएम बोर की पिस्टल का उत्पादन किया जा रहा है। पिस्टल व रिवाल्वर अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर नोड में तैयार की जा रही है और यहां से ऑल इंडिया डीलरों को बिक्री के लिए भेजी जा रही है। डिफेंस कॉरिडोर में हथियारों का उत्पादन शुरू होना अलीगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। कंपनी अब स्थानीय हार्डवेयर इकाईयों को भी कार्य देगी। अधिकांश पार्ट्स दूसरे राज्यों से तैयार होकर आ रहे हैं। 

500-500 के नोटों का बिस्तर, रुपये गिनते-गिनते थक गईं मशीनें, 80 घंटे चले सर्च ऑपरेशन में कितना मिला कैश?

1.80 लाख रुपये बेसिक रेट
वेरीविन डिफेंस कंपनी की रिवाल्वर व पिस्टल की शुरूआती कीमत 1.80 लाख रुपये है। इस पर 18 फीसदी जीएसटी अतिरिक्त है। एक पिस्टल जीएसटी सहित 2.15 लाख के आस पास बिक रही है। रेट कम ज्यादा भी हो सकते हैं। कंपनी ने अभी तक 2 हजार रिवाल्वर व पिस्टल की बिक्री कर दी है। 5 हजार से अधिक के आर्डर कंपनी के पास आ चुके हैं। देशभर में कंपनी बिक्री के लिए डीलरों नियुक्ती की है।  इसके अलावा कंपनी की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी आर्डर दिया जा सकता है। आवेदन के साथ शस्त्र का लाइसेंस अनिवार्य होगा।  

सेना, पैरामिलिट्री व पुलिस को होगा सप्लाई 
कंपनी सेना, पैरामिलिट्री व पुलिस को भी हथियारों की सप्लाई करेगी। इसको लेकर ट्रायल चल रहा है। ट्रायल पूरा होने के बाद क्लीयरेंस मिलने के बाद सप्लाई की जाएगी। एजेंसियों की डिमांड पर इसको तैयार किया जाएगा। पिस्टल, रिवाल्वर के अलावा कार्बाइन, कारतूस, सेमी आटोमेटिक पंप एक्शन बंदूक का भी उत्पादन होगा।

ट्रायल के लिए बनाई शूटिंग रेंज 
डिफेंस कॉरिडोर में हथियारों के ट्रायल के लिए इनडोर व आउटर शूटिंग रेंज भी बनाई गई है। आउटर डोर शूटिंग रेंज 50 मीटर की तैयार की गई है। एक माह बाद आर्डिनेंस फैक्ट्रियों की तरह लोग अलीगढ़ से सीधे हथियार खरीद सकेंगे। डिफेंस कॉरिडोर में वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड से सिविलियन सीधे भी हथियार खरीद सकेंगे। 

यह मॉडल हो रहे तैयार 
- मॉडल 431 पीडी-32 बोर रिवाल्वर 
- मॉडल 60-357 बोर रिवाल्वर 
- मॉडल विक्टर 32-32 बोर पिस्टल 
- विक्टर 9-9 एमएम बोर पिस्टल आर्मी व पुलिस के लिए 

निदेशक वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड, मोहित शर्मा ने कहा कि गृह मंत्रालय से एनओसी व लाइसेंस मिलने के बाद अप्रैल में अलीगढ़ नोड में रिवाल्वर व पिस्टल का उत्पादन शुरू कर दिया गया है। दो हजार से अधिक हथियारों की सेल की जा चुकी है। 5 हजार आर्डर कपंनी को मिल चुके हैं। आल इंडिया डीलर नेटवर्क विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से बिक्री हो रही है। आने वाले दिनों लोग सीधे डिफेंस कॉरिडोर में स्थित कंपनी से हथियार खरीद सकेंगे। 

संयुक्त आयुक्त उद्योग, बीरेंद्र कुमार ने कहा कि वेरीविन डिफेंस प्राइवेट लिमिटेड ने पिस्टल व रिवाल्वर का उत्पादन शुरू कर दिया है। शूटिंग रेंज में पिस्टल व रिवाल्वर का ट्रायल भी लिया गया। अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर के लिए बड़ी उपलब्धि है। डिफेंस में अब तक दो इकाईयां शुरू हो चुकी हैं।