सावधान! शिकार के हिसाब से नाम बदल रहे हनी ट्रैप के शिकारी, कभी कीर्ति तो कभी सुमेरा बन ऐसे फंसाते

Views

हनी ट्रैप के जरिए भारतीय युवकों को देशद्रोही गतिविधियों में फंसाने के लिए पाकिस्तानी एजेंट युवतियां शिकार के अनुरूप शिकारी बनकर सामने आ रही हैं। अपने नाम बदलकर युवकों से दोस्ती करती हैं।
हनी ट्रैप के जरिए भारतीय युवकों को देशद्रोही गतिविधियों में फंसाने के लिए पाकिस्तानी एजेंट युवतियां शिकार के अनुरूप शिकारी बनकर सामने आ रही हैं। उन्हें अगर किसी हिन्दू युवक को अपने जाल में फंसाना है तो फिर हिन्दू नाम से दोस्ती कर नजदीकी बढ़ा रही हैं। यूपी एटीएस के हत्थे चढ़े पिपराइच इलाके के राम सिंह के साथ यही हुआ। पाकिस्तानी एजेंट ने राम सिंह से कीर्ति के नाम से दोस्ती की और फिर उसे अपने इशारे पर नचाने लगी। वह न सिर्फ गोवा शिपयार्ड में नेवी की गोपनीय जानकारी और फोटो हासिल करती बल्कि भारत में मौजूद एजेंटों के पास राम सिंह के बैंक खाते से ही पैसा भी ट्रांसफर कराती थी।

दरअसल, पिपराइच इलाके के रमवापुर गांव के रहने वाले राम सिंह को 19 मई को एटीएस ने देशद्रोही गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया। राम सिंह पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के साथ ही गोवा शिपयार्ड से गोपनीय जानकारियां और भारतीय नौसेना के जहाजों की फोटो भेजने का आरोप है। उसके मोबाइल से आईएनएस हंसा, नौसैनिक हवाई स्टेशन और एक महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीर भी मिली है। 

जिसके साथ उसका आपत्तिजनक फोटो सामने आया है, वह उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। उसी लड़की के जरिए वह हनी ट्रैप में फंसा था। दूसरी तरफ कथित कीर्ति के बारे में अभी तक कोई सही तस्वीर सामने नहीं आई है। फिलहाल राम सिंह को रिमांड पर लेकर एटीएस पूछताछ कर रही है। जल्द ही अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है। और बड़े खुलासे होंगे।