कमेला गौठान में साइलेज बनाने हेतु स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण

Views

 




कोण्डागांव राज्य शासन के निर्देशानुसार चारागाह विकास कार्यक्रम के अंतर्गत पशुओं के लिये वर्ष भर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जिले के सभी गौठानो में नेपियर का रोपण किया जा रहा है। जिसके तहत् जिले में 284000 एवं विकासखंड कोण्डागांव के 18 गौठानो में 117000 नेपियर चारे का रोपण किया गया है। 
वर्तमान परिवेश मे बड़े चारागाह न होने पर वैकल्पिक चारे के रूप में साइलेज निर्माण का कार्य किया जा रहा है। चूंकि कोण्डागांव जिले में मक्का उत्पादन की प्रचुर मात्रा में होता है इसलिए समूहों के माध्यम से साइलेज निर्माण की योजना पशुधन विकास विभाग द्वारा बनाई गई है। जिसके क्रियान्वयन हेतु रूर्बन मिशन अंतर्गत रूर्बन क्लस्टर बड़ेकनेरा के ग्राम पंचायत कमेला में दुर्गा स्व-सहायता समूह का चयन किया गया है। जिन्हें मिशन अंतर्गत साइलेज मशीन प्रदाय किया जाना प्रस्तावित है। योजना हेतु उपसंचालक पशुचिकित्सा सेवाएं डॉ शिशिरकान्त पांडेय के मार्गदर्शन में सोमवार को प्रभारी जिला पशुचिकित्सालय डॉ नीता मिश्रा द्वारा विकासखंड कोण्डागांव के ग्राम गौठान कमेला में साइलेज निर्माण हेतु दुर्गा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। 
इस प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि बारिश उपरांत ठंड एवं ग्रीष्म काल मे पशुओं को हरा चारा नहीं मिलने से उनके उत्पादन एवं प्रतिरोधक क्षमता में विपरीत प्रभाव पड़ता है। परन्तु पशुओ के लिए अमृत रूपी साइलेज खिलाने से न केवल दूध में बढोत्तरी होती है अपितु उनका स्वास्थ्य भी ठीक रहता है। साइलेज बनाने हेतु मक्के को दूधिया अवस्था मे काटकर उसमे गुड़ पानी, नमक एवं कल्चर मिलाकर वायुरहित पॉलीथिन बैग या साइलो पिट में 8 हफ्ते के लिए संरक्षित किया जाता है। तत्पश्चात सुनहरा रंग में तैयार किया गया साइलेज पशुओं को सीधे खिलाया जाता है। 
वर्तमान में कोण्डागांव में पशुपालकों द्वारा निजी स्तर पर साइलेज निर्माण किया जा रहा है। जिसे 6 रुपये प्रति किलो की दर से समीपस्थ जिलों जैसे बस्तर, दंतेवाड़ा एवं रायपुर की कुछ डेयरियों में विक्रय किया जा रहा है। अतएव महिलाओं द्वारा साइलेज निर्माण से रोजगार सृजन कर आजीविका हेतु अपार संभावनाएं विद्यमान है। उपरोक्त कार्यक्रम में सरपंच खेमती कश्यप, उपसरपंच इतवारीन बाई पांडेय, सहायक पशुचिकित्सा क्षेत्र अधिकारी माधुरी गौर, बिहान की ओर से रिता पटेल, हिरदु, मायाराम, बुधराम, कृषि सखी, पशु सखी एवं अध्यक्ष माँ दुर्गा समूह सरिता पांडेय एवं समस्त सदस्य सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।