कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन, गिरफ्तारी के बाद अनशन पर बैठे सांसद

Views

 


दुर्ग। अमलेश्वर स्थित शराब दुकान को बंद किए जाने की मांग को लेकर पिछले दिनों विरोध-प्रदर्शन किया गया था और कल पाटन पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष पाटन लोकमणी चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक एवं भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र सेन पर बलवा एवं लूट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था। आज कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा सांसद विजय बघेल पाटन थाने का घेराव करने पहुंचे, इस दौरान पुलिस और उनके बीच जमकर धक्का-मुक्की भी हुई और बाद में सांसद को गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी अपराध पंजीबद्ध किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से निशर्त रिहाई की मांग को लेकर पाटन मंडी में अस्थाई तौर पर बनाई गई जेल में सांसद आमरण अनशन पर बैठ गए है। जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमणी चंद्राकर एवं सरपंच गायत्री साहू भी साथ दे रही है। 4 अगस्त को अमलेश्वर स्थित शराब दुकान को बंद किए जाने की मांग को लेकर के भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा आंदोलन किया गया था। इस आंदोलन पर से अमलेश्वर पुलिस के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ बलवा एवं लूट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। इस प्रकरण में कल भाजपा मंडल अध्यक्ष पाटन लोकमणी चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक एवं भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र सेन की गिरफ्तारी की गई थी। इसके विरोध में आज सांसद विजय बघेल के द्वारा पाटन थाने का घेराव किया गया। इस दौरान पुलिस एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई। सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा पुलिस प्रशासन के माध्यम से फर्जी प्रकरण बनाकर के भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई है। शराब दुकान बंद कराने के लिए भाजपा कार्यकर्ता के द्वारा प्रदर्शन किया गया था। जबरिया आंदोलनकारियों पर लूट एवं बलवा की धारा लगाकर के अपराध कायम किया गया है। प्रदेश शासन का रवैया पूर्णता दमनकारी है, जब तक निशर्त तीनों ही भाजपा भाजपा कार्यकर्ताओं की रिहाई एवं सभी जिन 11 लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है प्रकरण का खात्मा नहीं किया जाता तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा। इस घोषणा के साथ ही दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमणी चंद्राकर एवं सरपंच गायत्री साहू के द्वारा अस्थाई तौर पर पाटन मंडी में बनाई गई जेल में आमरण अनशन शुरू कर दिया है।