शहर में गली गली घूमकर करते थे डोडा, अफीम की सप्लाई,

Views

रायपुर। नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं। सायबर सेल, थाना न्यू राजेन्द्र नगर एवं तेलीबांधा टीम की संयुक्त अभियान में 2 महिला व 1 पुरूष सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 किलोग्राम अफीम, 44 किलोग्राम डोडा चूरा लगभग 16 लाख रूपयेे कीमत तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन एवं मोबाईल फोन जप्त किया गया है आरोपियों से पूछताछ जारी है। जैसा उन्होने बताया है कि शहर में घूम-घूम कर इसे बेचा करते थे। मतलब उपयोग करने वालों की तादाद भी अच्छी खासी है और बेंचने वालों को अच्छी कीमत भी मिल जाती है। पुलिस ने कहा है कि अभियान थमेगा नहीं। आरोपियों के विरूद्व थाना न्यू राजेन्द्र नगर एवं तेलीबांधा में नारकोटिक्स एक्ट के तहत किया गया है अपराध पंजीबद्व किया गया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार यादव द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को नशे का काला कारोबार करने वाले लोगों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। सायबर सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि दो महिलाओं द्वारा शहर में घूम घूम कर अफीम एवं डोडा चूरा की सप्लाई किया जाता है। सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गंभीरता से लेते हुये दोनों महिलाओं को रंगे हाथ पकडऩे के निर्देश देते हुये एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा दोनों महिलाओं को पकडऩे हेतु योजना तैयार किया गया। योजना के अनुसार सायबर सेल व थाना न्यू राजेन्द्र नगर की टीम का एक सदस्य स्वयं ग्राहक बना और महिलाओं से अफीम क्रय करने का सौदा किया गया। सौदे के मुताबिक दोनों महिलाओं द्वारा 27 अक्टूबर को थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत मेडिशाइन अस्पताल के पास अफीम को डिलीवर करना तय किया गया। योजना के अनुसार महिलाओं को पकडऩे हेतु ट्रैप पार्टी लगाया गया एवं टीम के सदस्य उक्त स्थान के आसपास छिप गये इसी दौरान जब दोनों महिला एक्टिवा वाहन में सवार होकर अफीम की डिलीवरी देने आये तो उन्हें पुलिस टीम द्वारा अफीम के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में महिलाओं ने अपना नाम शोभा सावलानी निवासी काशीराम नगर तेलीबांधा रायपुर एवं किरण चंदानी निवासी सेजबहार थाना मुजगहन रायपुर का होना बताया गया। अफीम के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर शोभा सावलानी द्वारा बताया गया कि उसे श्याम नगर तेलीबांधा निवासी सुंदर सिंह संधु नामक व्यक्ति अफीम एवं डोडा चूरा लाकर दिया जाता है,साथी किरण चंदानी के साथ मिलकर ग्राहकों को इसका सप्लाई करते है। पुलिस टीम द्वारा श्याम नगर तेलीबांधा में सुंदर सिंह संधु की पतासाजी किया गया एवं सुंदर को भी पकड़ा गया। आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से लगभग 12 किलो अफीम, 44 किलो डोडा चूरा जिसकी कीमत लगभग 16 लाख तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन एवं मोबाईल फोन जप्त किया जाकर आरोपियों के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर एवं थाना तेलीबांधा में नारकोटिक्स एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया जाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी कहां से व किन व्यक्तियों से इतनी मात्रा में अफीम एवं डोडा चूरा लाये है के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों के विरूद्ध रायपुर पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।