स्व सहायता समूह की महिलाएं तैयार कर रही वर्मी खाद्य अर्थव्यवस्था होगी मजबूत

Views



बीजापुर। गौठानों में गोधन न्याय योजना अंतर्गत गोबर खरीदी की जा रही है। इन्हीं खरीदे गए गोबर से स्व सहायता समूह की महिलाएं वर्मी खाद तैयार कर रहीं है। कलेक्टर रितेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विभाग और स्व सहायता समूह के समन्वय से वर्मी खाद तैयार करने की कार्ययोजना बनाई गई है। राज्य में ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूती और ग्रामीणों को आजीविका मूलक गतिविधियों से जोड़ने के लिए राज्य शासन ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की है।इन्हीं योजनाओं में से गांव में गौठान का सुचारू रूप से संचालन व गोबर खरीदी कर उसका वर्मी खाद तैयार कर जैविक कृषि को बढ़ावा देते हुए ग्रामीण महिलाओं को आजीविका मूलक गतिविधियों से जोड़ना एक सराहनीय पहल है। ग्राम पंचायत मुरदण्डा के गौठान में गोधन न्याय योजना अंतर्गत अब तक कुल 481.86 क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। इन्हीं गोबर का उपयोग कर स्व सहायता समूह ग्राम पंचायत मुरदण्डा की महिलाएं वर्मी खाद का उत्पादन कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार स्व सहायता समूह की महिलाओं ने अभी 40 किलोग्राम केचुआ लाकर वर्मी टैंक में डाला है। इस समूह में 10 सदस्य है, जो कृषि विभाग के देख रेख व तकनीकी मार्गदर्शन में खाद तैयार कर रहीं है। वर्मी खाद तैयार होने के ​बाद खाद को सोसायटी के माध्यम से विक्रय किया जाएगा।